मुख्य बाजार में आवश्यक व्यवस्थाएं नहीं होने को लेकर नेता प्रतिपक्ष ने उपखंड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। दीपावली के अवसर पर मुख्य बाजार में आवश्यक व्यवस्थाएँ नहीं होने को लेकर नगरपालिका नेता प्रतिपक्ष महेश झंवर ने उपखंड अधिकारी को स्मरण पत्र सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की। उनके साथ मंडल अध्यक्ष गंगाराम पारीक एवं पार्षद गणपत राम गोदारा उपस्थित रहे। झंवर ने बताया कि 4 नवंबर को ज्ञापन देने के बावजूद बाजार के आवश्यक प्रवेश स्थलों पर बैरिकेडिंग नहीं लगाई गई और आवारा पशुओं को भी नहीं हटाया गया। खरीदारी के लिए बढ़ती भीड़ के बीच वाहनों के अनियंत्रित प्रवेश तथा आवारा पशुओं की मौजूदगी से महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों एवं अन्य नागरिकों की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। ज्ञापन में तत्काल बैरिकेडिंग लगाने, निर्धारित समय में चारपहिया वाहनों का प्रवेश नियंत्रित करने, आवारा पशुओं को सुरक्षित आश्रय स्थल पहुँचाने तथा बाजार के बाहर अस्थायी पार्किंग की व्यवस्था करने की मांग की गई। साथ ही पर्याप्त पुलिस एवं नगरपालिका कार्मिक तैनात करने और एम्बुलेंस व अग्निशमन वाहनों के लिए रास्ते खुले रखने का आग्रह किया गया। झंवर के अनुसार, उपखंड अधिकारी ने मामले का तुरंत संज्ञान लेते हुए नगरपालिका अध्यक्ष से फोन पर संपर्क करने का प्रयास कियाए लेकिन उनका फोन आउट ऑफ रेंज था। इसके बाद अधिशासी अधिकारी भवानी सिंह चारण को फोन कर तत्काल आवश्यक व्यवस्थाएँ करने तथा निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारियों के रूप में अधिशासी अधिकारी भवानी सिंह चारण, तहसीलदार सुनीता चारण एवं नोखा पंचायत समिति के विकास अधिकारी जस्वंत बिश्नोई भी उपस्थित रहे।