तेज रफ्तार होंडा सीआरवी ने बीएमडब्ल्यू को मारी टक्कर

निसं

जयपुर (नवयत्न)। राजधानी में सोमवार—मंगलवार की देर रात करीब डेढ़ बजे भवानी सिंह रोड पर कर भवन के सामने भीषण सड़क हादसा हो गया। अंबेडकर सर्किल से करीब 100 मीटर पहले तेज रफ्तार होंडा सीआरवी ने आगे चल रही बीएमडब्ल्यू कार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बीएमडब्ल्यू का पिछला टायर फट गया, जबकि होंडा सीआरवी अनियंत्रित होकर तीन से चार बार पलटी खाते हुए करीब 60 कदम दूर जाकर गिरी। हादसे में बिजली का पोल भी टूट गया।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान गाली-गलौज कर रहे एक युवक की लोगों ने पिटाई कर दी। बीएमडब्ल्यू में दो महिलाओं और दो पुरुषों सहित चार लोग सवार थे, जबकि होंडा सीआरवी में एक युवक और युवती मौजूद थे।

बीएमडब्ल्यू सवार कमलजीत (30) ने होंडा सीआरवी चला रहे रुद्राक्ष (22) और उसके साथ बैठी युवती पर नशे में होने का आरोप लगाया। पुलिस ने रुद्राक्ष का मेडिकल और अल्कोहल परीक्षण करवाया। हादसे में क्षतिग्रस्त दोनों कारों को ज्योति नगर थाने लाकर जब्त कर लिया गया।

ज्योति नगर थानाधिकारी गुंजन वर्मा ने बताया कि सोमवार देर रात करीब डेढ़ बजे भवानी सिंह रोड पर कर भवन के सामने ब्लैक रंग की होंडा सीआरवी ने सफेद बीएमडब्ल्यू को टक्कर मारी थी। बीएमडब्ल्यू टक्कर के बाद अपनी जगह पर ही रुक गई, जबकि होंडा सीआरवी तीन से चार बार पलट गई। हादसे में किसी को गंभीर चोट नहीं आई और मामूली खरोंचें आई हैं। सीआरवी चालक का अल्कोहल परीक्षण करवाया गया है।

बीएमडब्ल्यू सवार कमलजीत ने बताया कि उन्होंने 7 नवंबर को छोटी दीपावली के दिन ही कार खरीदी थी। हादसे के समय कार में वह, उनका दोस्त विशाल और दोनों की पत्नियां सवार थीं। वे रिट्रीट कैफे से भवानी सिंह रोड होते हुए जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई होंडा सीआरवी ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

कमलजीत के अनुसार सीआरवी की रफ्तार करीब 100 से 150 किलोमीटर प्रति घंटा थी। टक्कर के बाद कार खंभे से टकराई और तीन से चार बार पलटी खा गई। उन्होंने आरोप लगाया कि सीआरवी में सवार युवक और युवती नशे में थे। कार डिग्गी पैलेस निवासी रुद्राक्ष चला रहा था।

कमलजीत ने बताया कि टक्कर के बाद उन्हें कार से बाहर निकलने में करीब 10 मिनट लगे। मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों कारों में सवार लोगों को बाहर निकाला। उनका आरोप है कि सीआरवी सवार पक्ष के परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और उन पर दबाव बनाने लगे। इसी दौरान उनके पक्ष का एक व्यक्ति गाली-गलौज करने लगा, जिस पर आक्रोशित लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। हालांकि, नशे में होने और तेज रफ्तार से वाहन चलाने के आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और मेडिकल रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

You might also like