नवनिर्वाचित सरपंच प्रतिनिधि हाड़ा का किया भव्य सम्मान, स्वागत में उमड़ा जनसैलाब
निसं
सरदारशहर (नवयत्न)। सरदारशहर के वार्ड नंबर 5 में मितासर ग्राम पंचायत के नवनिर्वाचित सरपंच प्रतिनिधि जितेंद्रसिंह हाड़ा के सम्मान में भव्य समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में मोहल्लेवासियों एवं समर्थकों ने उत्साह के साथ भाग लिया और फूलमालाएं पहनाकर तथा साफा बांधकर उनका जोरदार स्वागत किया। इस दौरान पूरे कार्यक्रम में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। सम्मान समारोह के दौरान कासम काजी और ईश्वर माली की ओर से जितेंद्रसिंह हाड़ा को 51 हजार रुपये की माला पहनाकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। यह सम्मान समारोह उनके प्रति लोगों के स्नेह, विश्वास और अपनत्व का प्रतीक नजर आया। वहीं उपस्थित लोगों ने भी बारी-बारी से माला पहनाकर उनका अभिनंदन किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जनसेवा के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने की शुभकामनाएं दी। गौरतलब है कि जितेंद्रसिंह हाड़ा सरदारशहर क्षेत्र में समाजसेवी एवं कांग्रेस नेता के रूप में अपनी पहचान रखते हैं। सामाजिक गतिविधियों और जनसेवा के कार्यों में उनकी सक्रियता के चलते क्षेत्र में उनके समर्थकों की अच्छी संख्या है। नवनिर्वाचित सरपंच प्रतिनिधि बनने के बाद आयोजित इस सम्मान समारोह में लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। इस अवसर पर सम्मान से अभिभूत जितेंद्रसिंह हाड़ा ने सभी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि आप लोगों ने मुझे जो मान-सम्मान, प्यार और स्नेह दिया है, उसके लिए मैं सदैव आपका आभारी रहूंगा। यह सम्मान मेरे लिए केवल खुशी का अवसर नहीं, बल्कि लोगों के प्रति मेरी जिम्मेदारी को और बढ़ाने वाला है। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी लोगों की सेवा के लिए हर समय तैयार रहूंगा और आपकी उम्मीदों पर खरा उतरने के लिए पूरी ईमानदारी एवं निष्ठा के साथ प्रयास करूंगा। उन्होंने आगे कहा कि क्षेत्र के लोगों का विश्वास और सहयोग ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जनहित के कार्यों में हमेशा आगे रहना और जरूरतमंद लोगों की सहायता करना उनकी प्राथमिकता रहेगी। समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने जितेंद्रसिंह हाड़ा को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक एवं सामाजिक भविष्य की कामना की। इस अवसर पर मुलायमसिंह राजवी, योगेंद्रसिंह राजवी सहित बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।