लोक सूचना अधिकारी पर 25 हजार का जुर्माना
हरीश देवंदा
नीमकाथाना (नवयत्न)। सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत मांगी गई सूचनाएं उपलब्ध नहीं करवाने तथा द्वितीय अपील के आदेशों की पालना नहीं करने पर राजस्थान राज्य सूचना आयोग, जयपुर ने ग्राम पंचायत ठीकरिया, पंचायत समिति नीमकाथाना से संबंधित पांच प्रकरणों में लोक सूचना अधिकारी विकास कुमार मीणा के विरुद्ध कुल 25 हजार रुपये की शास्ति अधिरोपित की है। परिवादी बनवारी लाल जाट द्वारा प्रस्तुत पांच प्रकरणों में आयोग ने 4 मई 2026 को सूचना उपलब्ध करवाने के आदेश दिए थे, लेकिन उनकी पालना नहीं की गई। आयोग ने 14 अक्टूबर 2026 को पांचों प्रकरणों में अलग-अलग 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाते हुए राशि दोषी अधिकारी के वेतन से काटकर 30 दिवस में आयोग को जमा करवाने के आदेश दिए हैं।