सांस अभियान के पोस्टर का विमोचन

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। सर्दी के मौसम में तापमान गिरने के साथ साथ बच्चों को निमोनिया होने की आशंका रहती है। बच्चों को इस गंभीर बीमारी से बचाने के लिए और समय रहते लक्षणों की पहचान के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जिले में सांस अभियान शुरू किया है। अभियान की प्रचार सामग्री का शुक्रवार को जिला मुख्यालय स्थित स्वास्थ्य भवन में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया, जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह, एपीडेमियोलॉजिस्ट डॉ अम्बिका प्रसाद जांगिड़, संस्थापन अधिकारी अरूण कुमार बनर्जी, सहायक सांख्यिकी अधिकारी आनंदीलाल जांगिड़, डॉ पवन कुमार शर्मा ने विमोचन किया। इस मौके पर सीएमएचओ डॉ अशोक महरिया ने बताया कि विश्व निमोनिया दिवस पर शुरू हुए सांस अभियान के तहत अब घर घर बच्चों की सेहत पर नजर रखी जाएगी। आशा और एएनएम अभिभावकों को जागरूक करने के साथ निमोनिया के संभावित लक्षणों की पहचान करेंगी। वहीं, स्वास्थ्य केंद्र पर जांच और उपचार की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। अभियान 28 फरवरी 2027 तक चलेगा।
सिरप से इंजेक्शन तक की व्यवस्था
जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ विशाल सिंह ने बताया कि अभियान के तहत जनजागरूकता के साथ उपचार की उपलब्धता पर भी जोर रहेगा। प्रत्येक आशा को पर्याप्त मात्रा में अमॉक्सिसिलिन सिरप उपलब्ध कराई जाएगी और एएनएम तथा सीएचओ के भी अमॉक्सिसिलन सिरप तथा जेंटामाइसिन इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए सभी बीसीएमओ और चिकित्सा अधिकारियों को निर्देश भी दिए गए हैं। चिकित्सा एवं नर्सिंग अधिकारियों को निमोनिया स्किल लैब के माध्यम से प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि बच्चों को निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार समय पर उपचार मिल सके।
सोशल मीडिया पर लक्षण बचाव की जानकारी
अभियान के दौरान चिकित्सा संस्थानों, उप स्वास्थ्य केंद्र और आंगनबाडी केंद्र पर बैनर पोस्टर लगाए जाएंगे। वहीं सोशल मीडिया के जरिए भी अभिभावकों को बीमारी के लक्षण बचाव और समय पर उपचार की जानकारी दी जा रही हैं। राज्य स्तर से वीडियो कॉफ्रेसिंग के माध्यम से अभियान के प्रभावी संचालन के निर्देश दिए गए।
बीसीएमओ से आशा तक को जिम्मेदारी
आरसीएचओ डॉ विशाल सिंह ने बताया कि सर्दी के मौसम में छोटे बच्चों को निमोनिया होने का जोखिम होता है। ऐसे में बीमारी की शुरू अवस्था में पहचान और समय पर उपचार से गंभीर स्थिति को टाला जा सकता है। अभियान के तहत जन्म से पांच वर्ष तक के बच्चों की स्क्रीनिंग कर निमोनिया के लक्षणों की पहचान की जाएगी। आशा, एएनएम, सीएचओ को ब्लॉक एवं सैक्टर स्तर पर प्रशिक्षण देकर बच्चों की देखभाल और समय पर उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके लिए बीसीएमओ, चिकित्सा अधिकारी, एएनएम, सीएचओ और आशा सभी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

You might also like