बस की टक्कर से ऑटो चालक की हुई मौत

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न)। छापर रोड स्थित डीटीओ कार्यालय के पास शुक्रवार दिन में हुए सड़क हादसे में एक ऑटो चालक की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार छापर साइड जा रहे टेम्पो चालक को सामने से आ रही लोक परिवहन की बस ने जबरदस्त टक्कर मार दी, जिससे टेम्पो चालक गंभीर घायल हो गया और काफी देर पड़ा रहा पर किसी ने मदद नहीं की। उधर से गुजर रहे दड़ीबा निवासी गजानंद प्रजापत ने अपने परिवार की महिलाओं सहित सभी सदस्यों को वहीं उतारकर मानवता का परिचय देते हुए अपनी निजी गाड़ी में सुजानगढ़ अस्पताल की इमरजेंसी में पहुँचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर टीम हारे का सहारा संयोजक श्याम स्वर्णकार सीधे अस्पताल पहुंचे तथा मृतक की पहचान कर परिजनों को सूचित किया। मृतक की पहचान ओमप्रकाश पुत्र दीपाराम प्रजापत वार्ड नंबर 57 रेलवे स्टेशन के पास, सुजानगढ़ के रूप में हुई है। सूचना पर सुजानगढ़ और छापर पुलिस मौके पर पहुंची तथा इलाका छापर थाना का होने की वजह से छापर थानाधिकारी पृथ्वीराज मौके और अस्पताल पहुंचे तथा परिजनों की रिपोर्ट पर शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घटना के बाद टेम्पो पलट गया, जबकि बस का नियंत्रण खोने से बस पेड़ व घासफूस में उतर गई।

You might also like