रोरू छोटी सब-सेंटर का वर्चुव्ल हुआ नेशनल मूल्यांकन

सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। चिकित्सा विभाग के राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के तहत जिले के चिकित्सा संस्थानों का प्रमाणीकरण हो रहा हैं। इसके तहत शुक्रवार को लक्ष्मणगढ़ ब्लॉक के रोरू छोटी के आयुष्मान आरोग्य मंदिर उप स्वास्थ्य केंद्र का नेशनल टीम ने वर्चुव्ल असेसमेंट किया। इस दौरान नेशनल टीम ने उप स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को बारीकी से देखा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अशोक महरिया तथा राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन कार्यक्रम के नोडल अधिकारी एवं अतिरिक्त मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ हर्षल चौधरी के निर्देशन में जिले के स्वास्थ्य ढांचे को सुदृढ़ एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने की दिशा में लगातार कदम उठाए जा रहे है। भारत सरकार के स्वास्थ्य मंत्रालय की राष्ट्रीय टीम ने वर्चुव्ल असेसमेंट के दौरान रोरू छोटी सब-सेंटर (आयुष्मान आरोग्य मंदिर) पर आमजन को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं का बारीकी से परीक्षण किया। यहां मरीजों को 12 प्रकार के विशेष सर्विस पैकेजेस उपलब्ध करवाए जा रहे हैं, जो इस मूल्यांकन का मुख्य आधार रहे। इनमें मुख्य रूप से गर्भावस्था एवं शिशु जन्म देखभाल, नवजात एवं शिशु स्वास्थ्य देखभाल, बाल स्वास्थ्य एवं किशोर स्वास्थ्य सेवाएं, परिवार नियोजन एवं प्रजनन स्वास्थ्य, संचारी रोग प्रबंधन (कम्यूनिकेबल डिजीज), गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग एवं प्रबंधन (बीपी, शुगर, कैंसर आदि), नेत्र एवं ईएनटी देखभाल, मुख स्वास्थ्य, मानसिक स्वास्थ्य सेवाएं, बुजुर्ग एवं प्रशामक स्वास्थ्य देखभाल, आपातकालीन एवं ट्रॉमा केयर, योग एवं वेलनेस गतिविधियों व सेवाओं का वर्चुव्ल जायजा लिया। इस दौरान एडीशनल सीएमएचओ डॉ हर्षल चौधरी ने सब-सेंटर निरीक्षण किया। उन्होंने उपस्थित स्टॉफ को प्रेरित किया और असेसमेंट प्रक्रिया को लेकर निर्देश दिए। इस मूल्यांकन के आधार पर संस्था के राष्ट्रीय स्तर पर गुणवत्ता के लिए सर्टिफाईड होने की पूरी उम्मीद है। राष्ट्रीय मूल्यांकन के लिए जिला स्तरीय टीम ने पहले से ही सब-सेंटर की सघन तैयारियां करवाई। टीम के नर्सिंग ऑफिसर नरेश लमोरिया और महेश कुमार वर्मा पिछले कई दिनों से लगातार इस सेंटर की विजिट कर नेशनल असेसमेंट की तैयारियों को पूर्ण करवाया। नेशनल असेसमेंट के दौरान बीसीएमओ लक्ष्मणगढ़ डॉ दिनेश कस्वा और बीपीओ विकास तुनवाल भी मौजूद रहे और व्यवस्थाओं को परखा और निर्देश दिए। असेसमेंट में कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर उत्तम राव और एएनएम मंजू देवी ने राष्ट्रीय असेसर का सब सेंटर की तमाम व्यवस्थाओं और संस्था की कार्यप्रणाली, रिकॉर्ड संधारण और मरीजों को दी जा रही सेवाओं व सुविधाओं के बारे में जानकारी दी।

You might also like