11 साल के लंबे इंतजार के बाद मधु देवी को मिला दिव्यांग प्रमाण पत्र
श्रवण सारस्वत
रींगस (नवयत्न) । शहर के वार्ड नंबर 18 की ढाणी खेमाकावाली निवासी मधु देवी पत्नी पूरन मल कुमावत को आखिरकार लंबे इंतजार के बाद दिव्यांग प्रमाण पत्र मिल गया। वार्ड पार्षद तारा देवी कुमावत की सजगता एवं अथक प्रयासों से अस्पताल ओर विभागों से समन्वय कर असहाय मधु को विकलांग प्रमाण पत्र प्रदान कर लाभार्थी बनने में सहायता की जानकारी के अनुसार मधु देवी करीब 11 वर्ष पूर्व एक दुर्घटना का शिकार हो गई थीं, जिसके बाद उनके दोनों पैर काम करना बंद कर गए। दिव्यांग प्रमाण पत्र बनवाने के लिए उन्हें कई बार सीकर और जयपुर के अस्पतालों के चक्कर लगाने पड़े, लेकिन काफी समय तक उन्हें प्रमाण पत्र नहीं मिल पाया। इसके बाद वार्ड पार्षद तारा देवी कुमावत ने मामले में पहल करते हुए अस्पताल प्रशासन से संपर्क किया। हॉस्पिटल इंचार्ज जितेंद्र निठारवाल एवं टीम कमेटी के सदस्य रमेश यादव, प्रकाश घायल और जितेंद्र यादव के सहयोग से प्रमाण पत्र तैयार करवाया गया। इसके बाद पार्षद श्रीमती तारा देवी ने पूर्व पार्षद अमित कुमावत के साथ मधु देवी के घर पहुंचकर उन्हें दिव्यांग प्रमाण पत्र सौंपा। लंबे समय से परेशान मधु देवी और उनके परिवार को प्रमाण पत्र मिलने से बड़ी राहत मिली। यह पहल दिव्यांगजनों को सरकारी सुविधाओं का लाभ दिलाने और जरूरतमंदों तक प्रशासनिक सहायता पहुंचाने की दिशा में सराहनीय प्रयास साबित होगी।