जुए के अड्डे पर पुलिस की दबिश, 11 जुआरी पकड़े
निसं
बीदासर (नवयत्न)। बीदासर पुलिस और जिला स्पेशल टीम डीएसटी चूरू ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए जुए के अड्डे पर दबिश देकर 11 जुआरियों को पकड़ा है। पुलिस ने मौके से 2 लाख 10 हजार रुपए की जुआ राशि तथा चार वाहन जब्त किए हैं। जब्त वाहनों में दो बाइक और दो चारपहिया वाहन शामिल हैं। जानकारी के अनुसार बीदासर के डूंगरगढ़ रोड स्थित ढाणी जाखड़ा में झंडी-मंडी पर जुआ खेले जाने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना के आधार पर डीएसटी चूरू की टीम ने कार्रवाई की योजना बनाई और अपनी पहचान छिपाते हुए करीब 3 किलोमीटर पैदल चलकर ढाणी तक पहुंची। इसके बाद टीम ने जुए के अड्डे पर अचानक दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से मौके पर जुआ खेल रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। टीम ने मौके से 11 व्यक्तियों को डिटेन किया तथा जुआ राशि और वाहनों को जब्त किया।
इन 11 व्यक्तियों को पकड़ा
पुलिस कार्रवाई में बीदासर निवासी सत्तार, रामचन्द्र नायक, भेरूसिंह राठौड़, सतार सिलावट, नरेन्द्र जाट और रामूराम जाट, जेतासर निवासी बनवारी सिद्ध और ज्ञानाराम जाट, दुंकर निवासी पीथाराम मेघवाल तथा गोपालपुर निवासी वीरेन्द्र नायक और कालूराम स्वामी को डिटेन किया गया। कार्रवाई के बाद सभी डिटेन किए गए व्यक्तियों को जब्त जुआ राशि और वाहनों सहित अग्रिम कार्रवाई के लिए बीदासर पुलिस थाने के सुपुर्द किया गया।
डीएसटी टीम की रही अहम भूमिका
इस संयुक्त कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी उप निरीक्षक किशनाराम बिश्नोई के नेतृत्व में सरजीत सिंह, गोपीराम, लोकेश कुमार, विक्रम कुमार, रविन्द्र सिंह और सतीश कुमार सहित डीएसटी टीम के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अवैध जुआ गतिविधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का संदेश गया है।