केवी स्कूल में मनाया संविधान दिवस

निसं
खेतड़ी नगर (नवयत्न)। केवी स्कूल में गुरूवार को संविधान दिवस समारोह के रूप में मनाया। संविधान दिवस का उद्देश्य विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के महत्व, उसके निर्माण की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि, मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों के प्रति जागरूक करना तथा उनमें लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य केएल मीना ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ भारत के संविधान निर्माता एवं भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर को पुष्पांजलि अर्पित के साथ किया गया। प्राचार्य केएल मीना ने कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता एवं न्याय का अधिकार प्रदान करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को संविधान में निहित आदर्शों को अपने व्यवहार एवं जीवन में आत्मसात करने तथा एक जागरूक, जिम्मेदार एवं कर्तव्यनिष्ठ नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। आदित्य ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया, तमन्ना ने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया, संविधान सभा के गठन एवं संविधान निर्माण में डॉ. भीमराव अंबेडकर के महत्वपूर्ण योगदान पर प्रकाश डाला, वहीं अनवी सैनी एवं खुशी ने भारतीय संविधान में वर्णित मौलिक अधिकारों एवं मौलिक कर्तव्यों की विस्तृत जानकारी देते हुए विद्यार्थियों को अपने अधिकारों के साथ-साथ अपने दायित्वों के प्रति भी सजग रहने का संदेश दिया। संचालन मनोज कुमार वर्मा ने किया। इस दौरान विद्यार्थियों में संवैधानिक जागरूकता, राष्ट्रीय एकता एवं लोकतांत्रिक चेतना के विकास का महत्वपूर्ण संदेश दिया। इस मौके पर स्कूल स्टॉफ एवं विद्वार्थियों ने भाग लिया।

You might also like