कोरोना पॉजिटिव मिलने पर प्रशासन हुआ हाई अलर्ट
सादुलपुर,(राजेश राजपूत)20 मई। कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में ही नहीं आया बल्कि कंटेमेंट एवं बफर क्षेत्र का माइक्रो प्लान बनाकर कार्रवाई शुरू कर दी है तथा गठित टीमों को दिशा-निर्देश देकर बफर जोन एवं कंटेमेंट क्षेत्र में लक्ष्य देकर घरों का सर्वे करने तथा लोगों के स्वास्थ्य की जांच के निर्देश दिए हैं। विभाग के धर्मपाल मूंड ने बताया कि कुल शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 28111 लोगों के स्वास्थ्य की जांच की गई है। इसके अलावा उक्त सर्वे में एक किमी में दस टीम, एक से तीन किमी में पचास टीम तथा तीन से पांच किमी में नौ टीम तथा रिजर्व दल में दो टीमों ने भागीदारी निभाई। उन्होंने बताया कि इसके अलावा एक किमी के अंदर आईएलआई पांच रोगी पाए गए हैं। जो सर्दी-जुकाम से पीडि़त हैं। उन्होंने बताया कि विभाग अपने स्तर पर प्लान बनाकर सर्वे करने में जुटा है।