फोटोग्राफर गुजर रहे हैं आर्थिक मंदी से
प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, कला एवं संस्कृति मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन।
नीमकाथाना,(हरीश देवन्दा)24 मई। कोरोना वायरस के चलते उपखंड के फोटोग्राफर आर्थिक मंदी का सामना कर रहे हैं। शादी-विवाह, जन्मोत्सव एवं सामाजिक कार्यक्रमों में फोटोग्राफी करके अपनी आजीविका चलाने वाले सैकड़ों लोग बेरोजगारी के चलते आर्थिक मंदी से गुजर रहे हैं। उपखंड के फोटोग्राफर एसोसिएशन ने अपनी समस्याओं एवं 8 सूत्री मांगों को लेकर तहसीलदार बृजेश कुमार को प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, कला एवं संस्कृति मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
फोटोग्राफर एसोसिएशन ने ज्ञापन के जरिए सरकार को अवगत करवाया कि लॉक डाउन के चलते वे बेरोजगारी और आर्थिक मंदी से गुजर रहे हैं। कोरोना वायरस जैसी वैश्विक महामारी के कारण सभी व्यापार संकट में है इसी प्रकार फोटोग्राफी व्यवसाय भी भारी संकट में है। ज्ञात हो कि फोटोग्राफर के बिना सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यक्रम किसी भी रूप में पूर्ण नहीं होता लेकिन राज्य एवं केंद्र सरकार के द्वारा हर प्रकार से फोटोग्राफर को नजर अंदाज किया गया है, जबकि फोटोग्राफर भी बैंक लॉन, दुकान किराया, स्टाफ तनख्वाह से परेशान है।
फोटोग्राफर एसोसिएशन ने ज्ञापन के जरिए मांग की है कि फोटोग्राफर कलात्मक कार्य से जुड़े होने के कारण उन्हें कलाकार की श्रेणी में माना जाए जिससे उन्हें कला एवं उससे संबंधित सभी प्रकार के लाभ प्राप्त हो सके। फोटोग्राफर को लघु उद्योग के अंतर्गत मुद्रा लोन या अन्य सरकारी व्यापारी लोन योजनाओं के अंतर्गत लोन दिया जाए। फोटोग्राफर एसोसिएशन के अध्यक्ष कमलसिंह व संगठन मंत्री विमलेश भारद्वाज ने फोटोग्राफी व्यवसाय के संरक्षण की मांग की है।