भाजपा युवा मोर्चा रक्तदान कर मनाएगा वीर सांवरकर की जयंती
राजकीय भरतिया अस्पताल में रक्तदान शिविर 28 मई को
चूरू,(पीयूष शर्मा)26 मई। भाजपा युवा मोर्चा आगामी 28 मई को देश के प्रमुख स्वाधीनता सेनानी वीर विनायक दामोदर सांवरकर की जयंती पीडि़त मानवता के हित में रक्तदान कर मनाएगा।
मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक चोटिया के मुताबिक जयंती के उपलक्ष में राजकीय डेडराज भरतिया अस्पताल के ब्लड बैंक में सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक आयोज्य रक्तदान शिविर में मोर्चे के पदाधिकारी व कार्यकर्ता रक्तदान करेंगे। मंगलवार को उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ ने मोर्चा के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर शिविर की तैयारियों को लेकर चर्चा की। राठौड़ ने कहा कि देश के प्रमुख स्वाधीनता सेनानी वीर विनायक दामोदर सांवरकर के त्याग और बलिदान के दम पर ही आज हम सब भारतीय स्वतत्रंता का उपभोग कर रहे हैं। मां भारती के इस सच्चे सपूत के त्याग और बलिदान से प्रेरणा लेकर हमें देश व समाज के लिए हर समय तैयार रहना चाहिए।
जिलाध्यक्ष पंकज गुप्ता ने युवा मोर्चा की इस पहल को सराहनीय बताया। उन्होंने कहा कि वीर सांवरकर जैसे महान स्वतंत्रता सेनानी की जयंती पर देशवासियों को ऐसे समाजोपयोगी कार्यो से जोड़ना उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजली है। मोर्चा के जिलाध्यक्ष अभिषेक चोटिया ने बताया कि वर्तमान कोरोना संकट व ब्लड बैंक में रक्त की कमी को देखते हुए मोर्चा की ओर से जिले भर के अस्पतालों में रक्तदान किया जाएगा।
तैयार है रक्तदाताओं की सूची
मोर्चा के जिलाध्यक्ष चोटिया ने बताया कि उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ की प्रेरणा से रक्तदान के लिए रक्तदाता कार्यकर्ताओं के नाम व मोबाइल नंबर की सूची तैयार की जा चुकी है। गत दिनों पूर्व उप राष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत की पुण्यतिथि पर सूची का विमोचन उपनेता प्रतिपक्ष की ओर से किया जा चुका है। इस मौके पर मोर्चा के जिला मंत्री मनीष हारित, नगर मंडल अध्यक्ष दीनदयाल सैनी, सुरेश सारस्वत, जयप्रकाश प्रजापत, मुकेश प्रजापत, जयवीर राठौड़ आदि कार्यकर्ता उपस्थित थे।