पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को लेकर भ्रामक प्रचार निंदनीय-राजेंद्र भाम्बू
झुंझुनूं,(जय जांगिड़)1 जून। सोशल मीडिया पर बिना नाम और पते के कथित पोस्टर को वायरल कर ओछी राजनीति करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं झालावाड़ विधायक वसुंधरा राजे सहित सांसद दुष्यंत सिंह एवं दौसा सांसद जसकोर मीणा के बारे में तथ्यहीन एवं निराधार टिप्पणियां कर कुछ लोगों ने जनता को भ्रमित करने का कुत्सित प्रयास किया है।
भारतीय जनता पार्टी झुंझुनूं के जिला महामंत्री एवं झुंझुनूं विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी रहे राजेंद्र भाम्बू ने बताया कि लॉक डाउन के दौरान वसुंधरा राजे ने अपने क्षेत्र के साथ प्रदेश की जनता की हर संभव सहायता करते हुए प्रवासियों की सकुशल घर वापसी हेतु संबंधित राज्य सरकारों एवं केंद्र सरकार से समन्वय स्थापित कर सराहनीय प्रयास किए हैं तथा अनेक ऑडियो वीडियो व दूरभाष के माध्यम से प्रदेश की जनता व भाजपा कार्यकर्ताओं के लगातार संपर्क में रही हैं।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 1989 से लगातार पांच बार सांसद और 2003 से लगातार चार बार एक ही निर्वाचन क्षेत्र से विधायक होना नि:संदेह उनकी लोकप्रियता का प्रमाण है। आरंभ से लेकर आज तक उनकी हर छोटी-बड़ी यात्रा में लोगों का जो हुजूम उमड़ता है वह देखते ही बनता है ।
वर्तमान में जब हर कोई कोरोना जैसी महामारी के चलते प्रधानमंत्री व चिकित्सा विभाग की एडवाइजरी का पालन करते हुए देशहित में अपना यथायोग्य योगदान दे रहा है, ऐसे संवेदनशील समय में एक सर्वमान्य नेता को लेकर इस तरह की ओछी राजनीति करना नि:संदेह निंदनीय है।