मरे हुए मिले राष्ट्रीय पक्षी मोर
चिड़ावा,(विजेंद्र सिंह लमोरिया)1 जून। खेमू की ढाणी में काफी संख्या में राष्ट्रीय पक्षी मोर मरे हुए मिले और कई मोर घायल अवस्था में भी पड़े थे। जानकारी के अनुसार गौ रक्षा दल चिड़ावा को सूचना मिली कि खेमू की ढाणी में राष्ट्रीय पक्षी मोर काफी संख्या में मर चुके हैं और कई मोर घायल पड़े हैं।
गौ रक्षक अभिषेक पारीक, भवानी सिंह राठौड़ आदि मौके पर पहुंचे तो देखा कि 15 से ज्यादा मोर मरे हुए थे, जिनको कुत्तों ने नोंच लिया था। वहीं 4 मोर घायल अवस्था में मिले। इसके बाद चिड़ावा एसडीएम को मामले से अवगत कराया गया।
एसडीएम जेपी गौड़, सीआई लक्ष्मीनारायण सैनी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ की। घायल मोरों का मौके पर डॉ यशपाल कटेवा, डॉ संजय ओला, डॉ सरोज ओला ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद वन विभाग की टीम को घायल मोरों को सौंपा गया। मृत मोरों के शव भी वन विभाग की टीम को सुपुर्द किए गए।
इस दौरान ग्रामीण हुक्मीचंद ढाणीवाला, मोनू शर्मा, अमित मान, मालाराम मीणा, सरजीत, सुनील लमोरिया, नरेंद्र, राधे मीणा, राहुल महरिया, अरड़ावता सरपंच सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।