NH-311 स्वीकृति के बावजूद कार्य शुरू नहीं लोकसभा में उठी आवाज
संजय सोनी
झुंझुनू (दैनिक नवयत्न ) । सांसद बृजेंद्र सिंह ओला ने मंगलवार को लोकसभा में नियम 377 के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 311 के सिंघाना–टीटनवाड़ मार्ग के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया।
सांसद ने कहा कि झुंझुनू संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत NH-311 के सिंघाना–खरकड़ा–जसरापुर–नानूवाली बावड़ी–केड़–टीटनवाड़ (उदयपुरवाटी) मार्ग के निर्माण में लंबे समय से देरी हो रही है। जबकि इस मार्ग के निर्माण की स्वीकृति पहले ही मिल चुकी है, इसके बावजूद अब तक निर्माण कार्य प्रारंभ नहीं किया गया है।
उन्होंने बताया कि यह मार्ग क्षेत्र का एक अत्यंत महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है, जिस पर प्रतिदिन भारी यातायात रहता है। निर्माण कार्य शुरू न होने से आमजन, किसान, विद्यार्थी, व्यापारी वर्ग के साथ-साथ एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, जिससे जन-सुरक्षा प्रभावित हो रही है। सांसद ने सरकार से मांग की कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 311 के इस स्वीकृत मार्ग पर सड़क निर्माण कार्य को शीघ्र प्रारंभ कराने हेतु संबंधित विभागों को तत्काल निर्देश जारी किए जाएं।