डॉ कपूर थालौर ने बताए परीक्षा तनाव से बचने के उपाय
जय जांगिड़
झुंझुनू (दैनिक नवयत्न ) । जिला मुख्यालय के रोड नंबर 1 स्थित पीएम श्री शहीद कर्नल जेपी जानू राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में विद्यार्थियों को परीक्षा के तनाव से बचाने के उद्देश्य से विशेषज्ञ संवाद कार्यक्रम मंगलवार को आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में राजकीय भगवान दास खेतान अस्पताल के वरिष्ठ मनोचिकित्सक डॉ कपूर थालौर ने छात्र-छात्राओं को परीक्षा के दौरान तनाव से दूर रहने के प्रभावी उपाय बताए। उन्होंने कहा कि 10वीं व 12वीं बोर्ड परीक्षा देने वाले विद्यार्थियों को पर्याप्त नींद लेनी चाहिए, हल्का व संतुलित भोजन करना चाहिए तथा नियमित रूप से योग और ध्यान अपनाना चाहिए, जिससे आत्मविश्वास बना रहे।
डॉ थालौर ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि प्रश्नपत्र को शांति से पूरा पढ़ने के बाद ही उत्तर लिखना शुरू करें, समय का सही प्रबंधन करें और हड़बड़ाहट से बचें। मोबाइल का उपयोग केवल अध्ययन सामग्री के लिए करने तथा नकल या अनुचित साधनों का विचार मन में न लाने की बात कही।
उन्होंने परीक्षा के दौरान खानपान, पढ़ाई की सही रणनीति और मानसिक संतुलन बनाए रखने के तरीकों पर विस्तार से चर्चा की तथा बताया कि बिना तनाव के परीक्षा देकर अधिकतम अंक कैसे प्राप्त किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अधिक तनाव या पढ़ाई में मन न लगने की स्थिति में टेली मानस के टोल फ्री नंबर 14416 पर कॉल कर परामर्श लिया जा सकता है। आवश्यकता होने पर मनोचिकित्सक से संपर्क करने की भी सलाह दी।
विद्यालय के प्रधानाचार्य अभिषेक चौधरी ने विद्यार्थियों से विशेषज्ञ द्वारा बताए गए सुझावों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान भी किया गया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।