बोर्ड परीक्षा परिणामों में परम श्रद्धा पब्लिक स्कूल का दबदबा
सुरेंद्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित कक्षा 10वीं, 8वीं और 5वीं के परीक्षा परिणामों में ‘परम श्रद्धा पब्लिक स्कूल’ के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सफलता का परचम लहराया है। स्कूल के उत्कृष्ट परीक्षा परिणाम से विद्यालय प्रशासन और अभिभावकों में खुशी की लहर है।
भारती सैनी ने किया टॉप कक्षा 10वीं की बोर्ड परीक्षा में विद्यालय की होनहार छात्रा भारती सैनी ने 97.00% अंक प्राप्त कर न केवल विद्यालय का नाम रोशन किया, बल्कि जिले की मेरिट सूची में भी अपनी जगह बनाई। वहीं, विद्यालय की ही टीना सैनी ने 96.50% अंकों के साथ द्वितीय स्थान प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। सभी छात्रों का शतप्रतिशत परिणाम रहा।
8वीं और 5वीं का रहा शत-प्रतिशत परिणाम
10वीं के साथ-साथ कक्षा 8वीं और 5वीं के विद्यार्थियों ने भी बेहतरीन ग्रेडिंग प्राप्त कर विद्यालय की गौरवशाली परंपरा को आगे बढ़ाया है। शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम के साथ स्कूल के सभी विद्यार्थियों ने ‘A’ ग्रेड हासिल की है।
जश्न का माहौल
विद्यार्थियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर विद्यालय प्रबंधन ने हर्ष व्यक्त किया। प्रधानाचार्य नीलम शर्मा ने मिठाई खिलाकर बच्चों को बधाई दी और कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के कुशल मार्गदर्शन और अभिभावकों के अटूट विश्वास का परिणाम है। इस अवसर पर मेधावी छात्र-छात्राओं का माल्यार्पण कर स्वागत किया गया।
अभिभावकों ने विद्यालय के अनुशासित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा की सराहना करते हुए सभी सफल छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।