अवैध गैस री-फिलिंग एवं सिलेंडर कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न ) । जिला कलेक्टर एवं खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के निर्देशानुसार लाडनूं में गैस की अवैध रिफिलिंग एवं घरेलू गैस सिलेंडर का कॉमर्शियल उपयोग करने के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई। यहां वीरेंद्र सिंह जाखड़ परवर्तन निरीक्षक, मनीषा गुर्जर एवं परवर्तन अधिकारी दीपक कुल्हार ने पुलिस बल के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए निम्बी चौराहे पर स्थित मोयल सर्विस सेंटर पर दबिश देकर मौके से अवैध रीफिल के लिए रखे हुए डेढ़ दर्जन सिलेंडर, पेट्रोल से भरे दो कैन सहित री-फिलिंग मोटर जब्त की है। नागौर डीडवाना से लाडनूं पहुंची रसद विभाग की टीम ने लाडनूं के तेलीरोड़ स्थित होटलो और बस स्टैंड पर चाय की दुकानों पर छापा मार कार्रवाई करते हुए बड़ी संख्या में गैस से भरे और खाली अवैध सिलेंडर जब्त किए हैं। कार्रवाई की भनक लगते ही लाडनूं में हड़कंप मच गया और कई दुकानदार एवं होटल संचालक अपने प्रतिष्ठान बंद कर गायब हो गए।
परवर्तन निरीक्षक वीरेंद्र सिंह जाखड़ ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यवसायिक उपयोग और कालाबाजारी बिल्कुल बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इनके खिलाफ जिलेभर में अभियान चला कर लगातार कार्रवाई की जा रही है। वहीं गैस वितर्क एजेंसियों को समय पर सप्लाई देने और डीएससी के बिना किसी को भी सिलेंडर नहीं देने के लिए भी पाबंद किया है। इस दौरान गैस वितरक एजेंसी वितरक अदरीश खान, कांस्टेबल रामचंद्र सहित अन्य पुलिस जाब्ता मौजूद रहा।