9 अप्रैल को नशे के खिलाफ दौड़ेगा झुंझुनू का युवा
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। जिले में नशे के बढ़ते कारोबार के खिलाफ और युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए जिला अध्यक्ष राहुल जाखड़ के नेतृत्व में आगामी 9 अप्रैल को एक विशाल मैराथन दौड़ रन अंगेस्ट ड्रग्स का आयोजन किया जाएगा। यह भव्य आयोजन एनएसयूआई के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में स्वर्ण जयंती स्टेडियम से शुरू होगा, जिसमें हजारों युवाओं के जुटने की संभावना है।
मशाल जुलूस के बाद अब मैराथन की बारी
विदित रहे कि इससे पहले भी जिला अध्यक्ष राहुल जाखड़ के नेतृत्व में जिले में नशे के खिलाफ एक ऐतिहासिक मशाल जुलूस निकाला गया था, जिसने पूरे प्रदेश में चर्चा बटोरी थी। जिले में नशे के सौदागरों के खिलाफ अकेले मोर्चे पर डटे जिला अध्यक्ष राहुल जाखड़ ने बताया कि मशाल जुलूस के बाद अब मैराथन के जरिए युवाओं को खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।
नकद पुरस्कार और सम्मान
जिला अध्यक्ष राहुल जाखड़ ने घोषणा की है कि इस मैराथन में भाग लेने वाले लडक़ों और लड़कियों, दोनों वर्गों के लिए अलग-अलग शानदार नकद पुरस्कार और सम्मान रखे गए हैं। इस मुहिम का मुख्य उद्देश्य हमारी बेटियों को भी नशे जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ जागरूक करना और उन्हें इस जंग का हिस्सा बनाना है।
जिला अध्यक्ष की अपील
जिला अध्यक्ष राहुल जाखड़ ने जिले के समस्त युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि झुंझुनू की माटी वीरों की है, नशेड़ियों की नहीं। यहाँ का युवा न बिकता है, न झुकता है वह नशे के खिलाफ सीना तानकर खड़ा होता है। यह दौड़ सिर्फ इनाम के लिए नहीं बल्कि झुंझुनू के स्वाभिमान और आने वाली पीढ़ी के भविष्य के लिए है।