Weather alert : आंधी-तूफान और भारी बारिश की चेतावनी
संजय सोनी
झुंझुनू (नवयत्न)। मौसम विभाग के अनुसार झुंझुनू सहित शेखावाटी क्षेत्र में आंधी-तूफान, तेज बारिश और ओलावृष्टि की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के अनुसार 6 अप्रैल की रात से 7 अप्रैल तक क्षेत्र में मौसम के अचानक बिगड़ने की संभावना है।
रिपोर्ट के मुताबिक तेज धूल भरी आंधी 40 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है। इसके साथ ही बिजली गिरने, गरज-चमक के साथ बारिश और कई स्थानों पर ओले गिरने का खतरा भी जताया गया है।
मौसम विभाग ने किसानों को विशेष सतर्क रहने की सलाह दी है। कटी और खड़ी फसलों को सुरक्षित रखने, तिरपाल से ढकने तथा पशुओं को खुले स्थानों पर न रखने की अपील की गई है।
वहीं आम लोगों को भी आंधी के दौरान घरों में रहने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बनी है, जिससे राजस्थान के कई हिस्सों में मौसम में बदलाव देखा जा रहा है।
मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।