धोखाधड़ी मामले में वांछित शातिर आरोपी गिरफ्तार
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न ) । सांगानेर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि पुलिस सांगानेर थाना पुलिस ने धोखाधड़ी के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे शातिर आरोपी सीताराम मीणा (42) निवासी गिरधारी लालपुरा हाल प्रतापनगर जयपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर सूरजभान पब्लिक स्कूल, तिरुपति बालाजी नगर सांगानेर की जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर कब्जा करने का प्रयास किया था। इस संबंध में शिकायत पर मामला दर्ज कर अन्य आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका था, जबकि मुख्य आरोपी फरार चल रहा था।
थानाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को दबोच लिया। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, लूट, धोखाधड़ी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर मामले में अन्य लिप्त व्यक्तियों और फर्जी दस्तावेजों के नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटा रही है।