एसीबी की आकस्मिक चेकिंग में कार्रवाई
डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न )। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए बारां जिले की अंता नगर पालिका में पदस्थापित सहायक अभियंता महेन्द्र सिंह के कब्जे से 3 लाख 70 हजार रुपये की संदिग्ध नकदी जब्त की है। यह कार्रवाई एसीबी की करौली इकाई द्वारा आकस्मिक चेकिंग के दौरान की गई।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द्र गुप्ता ने बताया कि मुख्यालय को मिली गोपनीय सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सूचना में बताया गया था कि सहायक अभियंता महेन्द्र सिंह बड़ी मात्रा में अवैध राशि लेकर हिण्डौन सिटी (जिला करौली) जाने वाले हैं।
इस सूचना पर एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के निर्देशन में करौली इकाई के पुलिस निरीक्षक जगदीश भारद्वाज ने बयाना रोड, हिण्डौन सिटी पर आकस्मिक चेकिंग की। इस दौरान महेन्द्र सिंह के पास से 3.70 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई।
पूछताछ के दौरान अधिकारी उक्त राशि के संबंध में कोई ठोस सबूत या संतोषजनक जवाब प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद एसीबी ने राशि को जब्त कर लिया और मामले में विस्तृत जांच शुरू कर दी है।
एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं एस. परिमला के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ जारी है। मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।