हाईटेंशन लाईन में स्पार्किंग होने से लगी आग, फसल को हुआ नुकसान
नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न)। जिले के रतनगढ़ क्षेत्र की पूर्वी दिशा में मालपुर सड़क मार्ग पर दो खेतों से निकल रही हाईटेंशन लाईन में स्पार्किंग होने के कारण आज सोमवार को खेतों की बाड़बंदी में आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया तथा अफरा-तफरी मच गई। आग की सूचना जैसे ही आस पास के किसानों को मिली, तो सभी लोग एकत्रित होकर आग बुझाने में जुट गए। किसानों ने जोधपुर डिस्कॉम के अधिकारियों को सूचना देकर बिजली को कटवाया, तो वहीं नगरपालिका प्रशासन को दमकल के लिए सूचना दी। लेकिन उक्त स्थान पर पालिका की दमकल नहीं पहुंच पाई, जिस पर जेसीबी एवं अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को काबू में किया गया। मिली जानकारी के अनुसार मालपुर रोड पर परमेश्वरी ढाका एवं मोहन सिहाग का खेत है। इनके खेतों के ऊपर से हाईटेंशन लाईन निकल रही है। सोमवार को अज्ञात कारणों के चलते लाइनों में स्पार्किंग होने से खेतों की बाड़बंदी में आग लग गई। तेज हवा चलने के कारण आग तेजी से आगे तक फैल गई, जिसके ढाका के खेत में खड़ी ईशबगोल की फसल को नुकसान पहुंचा है।