भाजपा नेता से मांगी पांच करोड़ की रंगदारी : गैंगस्टर के नाम से धमकी भरे कॉल

इंटरनेशनल नंबर से वॉइस नोट और कॉल

डी के सैनी
जयपुर (नवयत्न )। बनी पार्क थाना इलाके में गैंगस्टर के नाम से भाजपा नेता को धमकी देकर 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। बदमाशों ने इंटरनेशनल मोबाइल नंबर से वॉट्सऐप कॉल और वॉइस नोट भेजकर जान से मारने की धमकी दी है।
पुलिस के अनुसार घीया मार्ग निवासी विजय सिंह पलाड़ा ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह भाजपा में प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य और नागौर देहात के जिला उपाध्यक्ष हैं। उन्होंने बताया कि 13, 14 और 16 फरवरी को गैंगस्टर रोहित गोदारा गैंग, वीरेंद्र चारण गैंग और राहुल फतेहपुर के नाम से धमकियां मिली थीं। इसके बाद 12 अप्रैल को फिर से धमकी दी गई।
पीड़ित के अनुसार 22 मार्च को इंटरनेशनल नंबर से वॉट्सऐप कॉल कर खुद को वीरेंद्र चारण बताने वाले बदमाश ने गाली-गलौज करते हुए फिरौती की मांग की और परिवार को जान से मारने की धमकी दी।
इसके बाद 12 अप्रैल को कथित रूप से नवीन बॉक्सर के नाम से 9 वॉट्सऐप कॉल और 4 वॉइस नोट भेजे गए। कॉल रिसीव नहीं करने पर वॉइस नोट में 5 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई और पैसे नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी गई।
धमकी में कहा गया कि “जहां जाना है चले जाना, तुम्हारे गार्ड भी कुछ नहीं कर पाएंगे। वहम निकाल लेना, इतनी गोली मारूंगा कि समझ नहीं आएगी।”
पीड़ित ने बताया कि बदमाशों ने खुद को हरियाणा का बताते हुए उसे और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि कॉल करने वालों की पहचान के लिए तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

You might also like