चंदा मेघवाल हत्याकांड की निष्पक्ष जांच करने की मांग
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न)। लोढ़सर के चंदा मेघवाल हत्याकांड की निष्पक्ष जांच की मांग को लेकर पीहर पक्ष द्वारा उपखंड कार्यालय में गत दिवस को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में बताया गया है कि दुलिया बास निवासी जगदीश प्रसाद ने अपनी पुत्री चंदा देवी की हत्या के मामले में सुजानगढ़ सदर थाने में गत 25 मार्च 2026 को मुकदमा दर्ज करवाया था। ज्ञापन में अनुसंधान अधिकारी पर दूषित अनुसंधान करने, पुलिस अधिकारियों द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं देने तथा शेष आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करने का आरोप लगाया गया है। ज्ञापन में घटनास्थल पर घटना के समय सक्रिय मोबाइल फोनों की सूची निकलवाने और उनकी कॉल डिटेल देने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट दिलवाने की मांग की गई है। इस दौरान बाबूलाल मेघवाल, एड. रामकुमार मेघवाल, एड. तिलोक मेघवाल, रतनलाल नायक, निवर्तमान पार्षद पुरूषोतम शर्मा, हिमांशु भाटी, सहित अनेक लोग उपस्थित थे।