टी-20 से हो नए सीजन की शुरुआत

दिल्ली 9 मई। भारतीय क्रिकेट टीम के चीफ सिलेक्टर सुनील जोशी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को नए सीजन की शुरुआत टी-20 से करने का सुझाव दिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बीते दिनों नेशनल सिलेक्शन कमेटी कीबैठक हुई थी। इसमें जोशी ने यह प्रस्ताव दिया था। अगर बोर्ड इस पर सहमत होता है तो आमतौर पर अगस्त में शुरू होने वाले नए सीजन का आगाज सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट से हो सकता है।

टी-20 वर्ल्ड कप की तैयारियों में मदद मिलेगी
सिलेक्शन कमेटी के मुताबिक, इससे खिलाड़ी टी-20 वर्ल्ड कप के लिए तैयार हो सकेंगे। इस साल ऑस्ट्रेलिया में अक्टूबर-नवंबर में यह टूर्नामेंट खेला जाना है। वहीं, खिलाड़ियों को इंडियन प्रीमियर लीग की तैयारी का भी मौका मिल जाएगा। हालांकि, अभी आईपीएल का शेड्यूल तय नहीं हुआ है। लेकिन मौजूदा हालात, फ्यूचर टूर प्रोग्राम को देखते हुए लीग के सितंबर-अक्टूबर में होने की उम्मीद है।

पिछले साल नवंबर में हुआ था घरेलू टी-20 टूर्नामेंट  
बता दें कि पिछले साल अगस्त में 2019-20 सीजन की शुरुआत दिलीप ट्रॉफी से हुई थी। सितंबर-अक्टूबर में विजय हजारे और नवंबर में देवधर ट्रॉफी खेली गई। इसके बाद सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट हुआ। इसी साल मार्च में रणजी ट्रॉफी का फाइनल हुआ। हालांकि, कोरोना की वजह से ईरानी कप नहीं खेला जा सका। इसमें रणजी ट्रॉफी चैम्पियन सौराष्ट्र और रेस्ट ऑफ इंडिया के बीच मुकाबला होना था।

You might also like