माता-पिता की स्मृति में अनूठी पहल: दो भाइयों ने मुक्तिधाम में बनवाया पक्षियों के लिए चुग्गा घर

संजय सोनी

झुंझुनूं (नवयत्न ) । जिले के मुक्तिधाम में दो भाइयों ने अपने माता-पिता की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने यहां पक्षियों के लिए चुग्गा घर (फीडिंग हाउस) का निर्माण करवाया, जिससे अब पक्षियों को दाना-पानी आसानी से उपलब्ध हो सकेगा।सुशील कुमार व नरेश कुमार नारनोली ने बताया कि उनके माता-पिता को जीव-जंतुओं और प्रकृति से विशेष लगाव था। उनकी इसी भावना को आगे बढ़ाते हुए उन्होंने मुक्तिधाम परिसर में चुग्गा घर बनवाने का निर्णय लिया। यह पहल न केवल पक्षियों के संरक्षण में सहायक होगी, बल्कि लोगों को भी पर्यावरण व जीवों के प्रति संवेदनशील बनने का संदेश देगी।स्वर्णकार समाज के पूर्व अध्यक्ष बाबूलाल सोनी व स्थानीय लोगों ने इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के प्रयास समाज में सकारात्मक सोच को बढ़ावा देते हैं। मुक्तिधाम जैसे स्थान पर इस प्रकार की व्यवस्था होने से यहां आने वाले लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी कि वे जीवों के प्रति दया और सेवा का भाव रखें।उनका मानना है कि यदि इसी तरह अन्य लोग भी आगे आकर ऐसे छोटे-छोटे प्रयास करें, तो पर्यावरण संरक्षण और जीव-जंतुओं की सेवा में बड़ा योगदान दिया जा सकता है।

You might also like