महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंका

 

 

डी के सैनी 

जयपुर (नवयत्न) । चौमूं थाना इलाके के आनंदलोक क्षेत्र में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सड़क किनारे एक अज्ञात महिला का शव मिला। सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जमा हो गई और मौके पर हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया कि महिला की हत्या कर शव को सुनसान स्थान पर फेंका गया है। शव चौमूं के भट्टों की गली से रेलवे अंडरपास जाने वाले मार्ग के पास मिला, जो कम आवाजाही वाला क्षेत्र है।

थानाधिकारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 35 से 40 वर्ष के बीच प्रतीत होती है। महिला के सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं, जिससे जानलेवा हमला किए जाने की आशंका है। वहीं महिला के मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ मिला, जिससे घटना के सुनियोजित होने की संभावना जताई जा रही है।

घटनास्थल से एक बटन वाला मोबाइल फोन भी बरामद हुआ है, जिसे पुलिस जांच की अहम कड़ी मान रही है। मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए विधि-विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्रित किए हैं। पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ करने के साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना के संबंध में सुराग मिल सके।

फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ी चुनौती बनी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले का जल्द खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

 

 

You might also like