दो दिवसीय संस्था प्रधान वाकपीठ संगोष्ठी का समापन
अबूबकर बल्खी
लाडनूं (नवयत्न) । कार्यालय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी लाडनूं के तत्वावधान में राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय जसवंतगढ़ में आयोजित दो दिवसीय सत्रारंभ वाकपीठ संगोष्ठी का सफलतापूर्वक समापन हुआ। संगोष्ठी में ब्लॉक के समस्त राजकीय एवं गैर-राजकीय विद्यालयों के संस्था प्रधानों एवं शिक्षकों की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षकों में शैक्षिक नवाचार, प्रभावी शिक्षण पद्धतियों एवं विद्यालय विकास से संबंधित विषयों पर विचार-विमर्श करना रहा। वाक्पीठ के दूसरे दिन विद्यालय वातावरण सुधार, परीक्षा परिणाम विश्लेषण, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, शी बॉक्स, खेलकूद गतिविधियों तथा अन्य शैक्षिक विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। प्रतिभागियों द्वारा अपने अपने अनुभव साझा किए गए एवं सुझाव प्रस्तुत किए गए। अधिकारियों ने कहा कि इस प्रकार की संगोष्ठियाँ शिक्षण गुणवत्ता सुधारने एवं विद्यालयों में नवाचार लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कार्यक्रम के अंत में सीबीईओ प्रहलाद नराणीया का सेवानिवृत्ति समारोह आयोजित किया गया सभी शिक्षकों ने उनके कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए उनका अभिनंदन कर विदाई दी।
इस अवसर पर एसीबीईओ कल्याण सिंह, प्राचार्या डॉ शिल्पी जैन, प्रधानाचार्य रमेश सिंह राठौड़, गोपाल सिंह, पूर्व जिला मंत्री नरपत सिंह जोधा राजस्थान शिक्षक संघ राष्ट्रीय, ओमशंकर गर्वा, स्काउट सचिव गोकुल चंद रतावा, मनीष सिंघाटीया आदि संस्था प्रधान मौजूद रहे।