डिस्कॉम के भंडारगृह में लगी स्पार्किंग से आग, मची अफरा-तफरी

नवरतन वर्मा
रतनगढ़ (नवयत्न) । जिले के रतनगढ़ में हाईटेंशन लाइन में हुई स्पार्किंग के बाद क्षेत्र के जोधपुर डिस्कॉम के स्टोर रूम में आग लग गई। आगजनी की घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई तथा धुएं का गुब्बार देखकर मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर नगरपालिका की दो दमकलें मौके पर पहुंची तथा आग पर काबू पाने का प्रयास किया। मिली जानकारी के अनुसार 132 केवी जीएसएस से 11 हजार केवी की लाइन स्टोर रूम से होते हुए रामचंद्र पार्क की तरफ जा रही है। हाईटेंशन लाइन के स्टोर रूम में लगे पोल का जंफर मंगलवार की दोपहर तेज आवाज के साथ ब्लास्ट हो गया। बिजली की हुई स्पार्किंग की चिंगारी से स्टोर में रखे सामान ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते धुएं का गुब्बार व आग की लपटें उठने लगी। घटना का पता चलने पर डिस्कॉम के कर्मचारियों ने अधिकारियों को अवगत करवाया तथा सूचना पर नगरपालिका की दो दमकलें मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने का प्रयास किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूर्णतया काबू पाया गया। इस दौरान डिस्कॉम के कर्मचारियों, दमकल कर्मियों एवं मोहल्ले के लोगों के सहयोग से आग पर काबू पाया गया। इस दौरान मोहल्ले के पंकजसिंह, कुशालसिंह, प्रदीपसिंह, गिरवरसिंह सहित कई लोगों ने बताया कि उक्त स्थान पर पूर्व में भी एक-दो दफा आगजनी की घटना हो चुकी है। जबकि यहां पर ऑयल के सैकड़ों ड्रम भरे हुए पड़े है।

You might also like