भारणी बना वीआईपी हब: मंत्री खर्रा की बेटी की शादी में राज्यपाल, सीएम सहित दिग्गजों का जमावड़ा

महेंद्र खडोलिया
श्रीमाधोपुर (नवयत्न) । यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा की पुत्री अर्चना के वैवाहिक समारोह ने मंगलवार को भारणी गांव को पूरी तरह वीआईपी जोन में तब्दील कर दिया। दिनभर प्रदेश और देश की राजनीति से जुड़े बड़े नेताओं का यहां लगातार आगमन होता रहा, जिससे पूरे क्षेत्र में खासा उत्साह और हलचल देखने को मिली।कार्यक्रम की शुरुआत में विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी और शिक्षामंत्री मदन दिलावर पहुंचे और परिवार को शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, मंत्री प्रेमचंद बैरवा, गृहमंत्री जवाहर सिंह बेढम, मंत्री बाबूलाल खराड़ी, सुरेश रावत, संजय शर्मा, अविनाश गहलोत, विधायक कालीचरण सर्राफ, बालक नाथ, हंसराज पटेल, पूर्व भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतीश पूनिया, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली और पूर्व सांसद सुमेधानंद सरस्वती सहित कई जनप्रतिनिधि समारोह में शामिल हुए।शाम होते-होते आयोजन में और भी बड़े नाम जुड़ते गए। राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागड़े के पहुंचने पर पुलिस ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं सिक्किम के राज्यपाल ओमप्रकाश माथुर और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी भारणी पहुंचे। मंत्री खर्रा ने सभी अतिथियों की अगवानी करते हुए पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान किया।

 

 

समारोह में प्रशासनिक अधिकारियों की भी लगातार मौजूदगी रही, जिसके चलते सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। पूरे दिन गांव में वीआईपी मूवमेंट बना रहा और यह आयोजन क्षेत्र की प्रमुख राजनीतिक गतिविधियों का केंद्र बन गया।गौरतलब है कि मंत्री खर्रा की पुत्री अर्चना का विवाह विराटनगर विधायक कुलदीप धनकड़ के पुत्र अनुज के साथ संपन्न हुआ।

You might also like