अवैध पट्टे जारी करने के मामले में ग्रामीणों में आक्रोश, एसडीएम से मिलकर की पट्टे निरस्त करने की मांग
निसं
खेतड़ी (नवयत्न ) । उपखंड के पपुरना पंचायत में अवैध रूप से पट्टे जारी करने के मामले में ग्रामीणों में आक्रोश पनप रहा है। बुधवार को ग्रामीणों ने एसडीएम से मिलकर पंचायत द्वारा जारी किए गए पट्टों की जांच करवाकर अवैध पट्टे निरस्त करने की मांग की है। ग्रामीणों की ओर से एसडीएम को दिए ज्ञापन में बताया कि ग्राम पंचायत पपुरना में नृसिंह देव व शाकंभरी माता का मंदिर है। शाकंभरी माता निर्वाण राजपूतों की कुलदेवी हैं जिसके चलते राजपूत सेवा समिति इन मंदिरों की देखरेख करती है तथा पर्यटन स्थलो का सरंक्षण व संवर्धन का काम करती है। शाकंभरी माता मंदिर के पास की भूमि का ग्राम विकास अधिकारी जयकिशन मीणा, ई-मित्र संचालक शैलेन्द्र कुमार, विवेक कुमार व पवन कुमार ने अवैध गिरोह बनाकर कई लोगों को फर्जी पट्टे जारी कर दिए। मंदिर के पास की भूमि के फर्जी पट्टे जारी करने पर शाकंभरी माता के भक्तों में काफी आक्रोश है। इस दौरान ग्रामीणों ने एसडीएम से जारी किए गए फर्जी पट्टों की जांच कर इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इसके अलावा फर्जी पट्टे निरस्त करने की गुहार लगाई है। इस दौरान एसडीएम ने मामले की जानकारी जुटाकर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी, कैप्टन शेर सिंह, सुमेर सिंह नाड, राजकुमार सिंह, रामसिंह, नरेश सिंह, हेम सिंह, राजपाल सिंह, अमरसिंह, मोहन सिंह, भूपेंद्र सोढ़ा, मदन सिंह, सोनू सिंह, बजरंग सिंह सहित अनेक लोग मौजूद थे।