शिविर में हुई 165 लोगो की जांच, 55 का होगा ऑपरेशन
अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । लायंस क्लब सुजानगढ़ एवं शंकरा आई हॉस्पिटल के तत्वावधान में, जिला अंधता निवारण समिति जयपुर तथा भामाशाह सीताराम मौसूण, पवन मौसूण एवं हितेश ज्वैलर्स के आर्थिक सहयोग से बुधवार को माहेश्वरी सेवा सदन में 32वां नेत्र चिकित्सा, नेत्रदान पंजीयन एवं विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि भामाशाह विनोद शर्मा तंवरा, जोन चेयरपर्सन एमजेएफ लॉयन कमल तापड़िया, क्लब अध्यक्ष लॉयन प्रशांत पारीक, सचिव अशोक जाजू एवं शंकरा आई हॉस्पिटल की डॉ. आशना द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। मुख्य अतिथि विनोद शर्मा ने कहा कि लायंस क्लब के सेवा प्रकल्प सराहनीय हैं। उन्होंने कहा कि नेत्र चिकित्सा शिविरों के माध्यम से लोगों को पुनः दृष्टि प्रदान करना अत्यंत पुण्य और मानवता की सच्ची सेवा है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों में हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। शिविर में शंकरा आई हॉस्पिटल की विशेषज्ञ टीम द्वारा 165 रोगियों की जांच की गई, जिनमें से 55 रोगियों का मोतियाबिंद ऑपरेशन हेतु चयन किया गया। साथ ही 11 नेत्रदान पंजीयन भी हुए जिनमें आईएमए सुजला अध्यक्ष डॉ. एस एन जांगिड़ का नाम भी शामिल है। क्लब अध्यक्ष लॉयन प्रशांत पारीक ने बताया कि शिविर में रोगियों को निःशुल्क दवाइयां एवं चश्मे वितरित किए गए। शिविर में देवेंद्र बेदी, मुरली राठी, संजय गोयल, रुपेश शर्मा, सुषमा मूंदड़ा, सुनीता रावतानी, सुनीता तापड़िया, चित्रा जगवानी, मोनिका सोनी सहित अनेक सदस्यों एवं सहयोगियों मोहम्मद अनवर मौलानी, गोपालचंद सोनी, गिरधारी प्रजापत, मालाराम प्रजापत, जावेद प्लंबर, आदिल भाटी ने सेवाएं प्रदान कीं। माहेश्वरी सेवा सदन के महावीर शर्मा, पवन शर्मा, विकास एवं टीम ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। विजयपाल द्वारा विधिक जागरूकता सत्र के माध्यम से उपस्थित जनों को उपयोगी जानकारी प्रदान की गई।