शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा, सवा करोड़ की लागत से ठाकुर जी मंदिर का भव्य जीर्णोद्धार

ललित दाधीच

राजलदेसर (नवयत्न ) । कस्बे के निकटवर्ती ग्राम पंचायत बंडवा में करीब सवा सौ वर्ष पुराने ठाकुर जी मंदिर का सवा करोड़ रुपये की लागत से भव्य जीर्णोद्धार किया गया। ग्रामवासियों ने तन, मन और धन से सहयोग कर मंदिर को नया और आकर्षक स्वरूप दिया। गुरुवार को आचार्य पंडितों के सानिध्य में ठाकुर जी महाराज को विधि-विधान से मंदिर में विराजित किया गया तथा मंदिर परिसर में शिव दरबार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। यह धार्मिक आयोजन गुरुवार दोपहर 12:15 बजे आचार्य पंडितों के सानिध्य में संपन्न हुआ, जिसमें सरदारशहर विधायक अनिल शर्मा, संत मोहननाथ महाराज, पूर्व प्रधान सरदारशहर भीकम सिंह राठौड़, पूर्व पंचायत समिति सदस्य कल्याण सिंह शेखावत, मदन सिंह निर्वाण, बिनादेसर सरपंच प्रतिनिधि तुलसीराम शर्मा, समाजसेवी दामोदर शर्मा (छापर) व नत्थु सिंह मील सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता करणी सिंह शेखावत ने की। कार्यक्रम से पूर्व मंदिर परिसर में 10 दिनों तक सात पंडितों द्वारा विशेष पूजा-अर्चना व धार्मिक अनुष्ठान किए गए। इस दौरान आयोजित भव्य भजन संध्या में रामनिवास मारवाड़ी व स्थानीय कलाकारों ने शानदार भजनों की प्रस्तुति दी। राधा कृष्ण एवं शिव भक्त सेवा संस्थान, बंडवा द्वारा आयोजित कार्यक्रम में अतिथियों का साफा, माला पहनाकर सम्मान किया गया।
इस अवसर पर विधायक अनिल शर्मा ने कहा कि छोटे से गांव में इतना भव्य मंदिर बनना ग्रामवासियों की आस्था और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि धर्म के कार्यों में लगाया गया धन कभी व्यर्थ नहीं जाता, बल्कि परिवार में सुख-शांति और समृद्धि लाता है।ग्रामवासियों की मांग पर विधायक ने मंदिर परिसर के सामने कुआँ का सौंदर्यकरण कार्य विधायक कोटे से करवाने की घोषणा की और कहा कि प्रस्ताव बनाकर प्रस्तुत करें, तुरंत स्वीकृति दी जाएगी। साथ ही उन्होंने पेयजल सुविधा के लिए ट्यूबवेल निर्माण करवाने का भी आश्वासन दिया है
विधायक ने राजलदेसर से बंडवा सड़क निर्माण को लेकर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी से हुई बातचीत का उल्लेख करते हुए जल्द कार्य शुरू कराने का भरोसा दिलाया। उन्होंने 50 लाख रुपये की लागत से बने चिकित्सा भवन के शीघ्र उद्घाटन का आश्वासन दिया तथा राजकीय विद्यालय में शिक्षकों के रिक्त पदों की समस्या को शिक्षा मंत्री के समक्ष उठाने की बात कही। कार्यक्रम के दौरान संत मोहननाथ महाराज, भीकम सिंह राठौड़ व कल्याण सिंह शेखावत ने भी अपने विचार व्यक्त किए। इससे पूर्व विधायक अनिल शर्मा व उनकी टीम ने मंदिर में ठाकुर जी महाराज व शिव दरबार की पूजा-अर्चना कर देश में सुख-समृद्धि की कामना की। उपस्थित श्रद्धालुगणों को प्रसाद वितरण किया गया । इस अवसर पर पुजारी कन्हैयालाल दाधीच, गिरधारी लाल, बनवारी लाल, बंशीधर दाधीच सहित अनेक ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन भवानी सिंह गोलसर एवं कृष्ण गोपाल शर्मा ने किया।

You might also like