प्रवासी राजस्थानियों ने किया नाइजीरिया में कवि सम्मेलन

अमित प्रजापत
सुजानगढ़ (नवयत्न) । नाइजीरिया के लागोस में प्रवासी राजस्थानियों द्वारा कवि सम्मेलन का आयोजन किया गया। कवि सम्मेलन में सुजानगढ़ के मूल निवासी महाकवि, पद्मश्री स्व. कन्हैयालाल सेठिया की रचनाएं आकर्षण का केंद्र रहीं। कवि सम्मेलन में पद्मश्री सुरेंद्र शर्मा, शंभू शिखर, गौरव शर्मा सहित अंतर्राष्ट्रीय कवियों ने कविताओं प्रस्तुतिकरण और हास्य रस से समा बांधा। सुजानगढ़ निवासी घनश्याम भाटी ने कवियों के समक्ष पद्मश्री कन्हैयालाल सेठिया की जीवनी के बारे में बताया और उनकी मुख्य रचनाओं के बारे में जानकारी दी। राजस्थानी समाज के अध्यक्ष संजय जैन ने बताया कि राजस्थान के लोगों द्वारा नाइजीरिया में दीपावली स्नेह मिलन, टेलेंट शो, पिकनिक, फाल्गुन त्यौहार के अलावा जरूरतमंदों को सहायता करने जैसे प्रकल्प भी किए जाते हैं। कवि सम्मेलन में मुख्य अतिथि हेड ऑफ चांसरी महेश, इंडियन लैंग्वेज स्कूल के प्रिंसिपल सोनाली गुप्ता, राजकुमार जैन, राजस्थानी समाज के पूर्व अध्यक्ष मनोहर काबरा आदि मौजूद रहे।

You might also like