पेयजल समस्या को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया पीएचईडी कार्यालय का घेराव
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । तारानगर विधानसभा क्षेत्र के गाँव व शहरी क्षेत्रों में चल रही पानी की किल्लत को लेकर तारानगर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को जलदाय विभाग के अधिशाषी अभियंता कार्यालय का घेराव कर प्रदर्शन किया। गुस्साए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कार्यालय के आगे ताला लगाकर विभाग व सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध जताया एवं पेयजल समस्या को लेकर कार्यकर्ताओं व अधिशाषी अभियंता के बीच वार्ता भी हुई। लगभग एक घंटे तक चली वार्ता में अधिशाषी अधिकारी ने कार्यकर्ताओं से एक सप्ताह का समय मांगा जिस पर अधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच सहमति बनी। कार्यकर्ताओं ने कहा कि सात दिन में उक्त समस्या दुरुस्त नहीं हुई तो पूरे क्षेत्र के कार्यकर्ता जलदाय विभाग के आगे अनिश्चितकालीन पड़ाव डालेंगे जिसकी समस्त जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। इस मौके पर हरिसिंह बेनीवाल, मानसिंह सैनी, कुंदन सैनी, जासम खोखर, पप्पू गोस्वामी, बुँदे खाँ लुहार, दिनेश खंडेलवाल, आदिल खोखर, भगवानाराम रेगर, मोहम्मद आरिफ, जुबेर गौरी, प्रकाश सांसी, जयनारायण सहित कांग्रेस के अनेक कार्यकर्ता मौजूद थे।