हर खेत को नहर, हर खेत को रास्ते में किसान जागृति रथ यात्रा का शंखनाद
सुभाष वर्मा
तारानगर (नवयत्न) । भारतीय किसान संघ (BKS) के तत्वावधान में चुरू जिले की सिंचाई और मूलभूत सुविधाओं की आवाज बुलंद करने के लिए ‘हर खेत को नहर का पानी, हर खेत को रास्ता’ अभियान के तहत किसान जागृति रथ यात्रा का आगाज रविवार को ग्राम पंचायत चंगोई से हुआ। इस यात्रा के माध्यम से किसानों को एकजुट कर सिंचाई के पानी की हक की लड़ाई को तेज करने का संकल्प लिया गया। यात्रा चंगोई से रवाना होकर मिखाला, पण्ड्रेऊ ताल, पण्ड्रेऊ टिब्बा, झोथड़ा, बाय, देवगढ़, बनड़ा, भलाऊ ताल, भलाऊ टिब्बा एवं नेठवा ग्राम पंचायतों में पहुँची। हर गांव में ग्रामीणों ने रथ यात्रा और किसान नेताओं का भव्य स्वागत किया। इस दौरान संगठन को मजबूती देने के लिए विभिन्न ग्राम इकाइयों का भी गठन किया गया।
सभाओं को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने सरकार की नीतियों और जिले में पानी के संकट पर अपनी बात रखी:
मुकेश रामपुरा (जिला अध्यक्ष) ने कहा कि किसान की सबसे पहली और बुनियादी जरूरत सिंचाई का पानी है। जब तक सरकार हर खेत तक नहर का पानी पहुंचाने की ठोस व्यवस्था नहीं करती, चुरू का किसान चैन से नहीं बैठेगा।”
शंकरलाल महर्षि (प्रांत जल संरक्षण प्रमुख) ने कहा कि हमें आने वाली पीढ़ी के भविष्य को सुरक्षित करना होगा। आग लगने के बाद कुआं खोदने से बेहतर है कि हम आज ही संघर्ष का रास्ता चुनें, ताकि कल की पीढ़ी हमें दोष न दे। इस अभियान का नेतृत्व यात्रा प्रभारी शंकरलाल महर्षि, संभाग मंत्री रामविलास कांधरान, जिला अध्यक्ष मुकेश रामपुरा, तहसील यात्रा प्रभारी डॉ. अंकुर कुलहरी, सह-प्रभारी इंद्राज नूईया और रथ सारथी सोनू कर रहे हैं।
30 अप्रैल को शक्ति प्रदर्शन: ट्रैक्टर रैली की तैयारी
किसान जागृति रथ यात्रा के समापन के अवसर पर आगामी 30 अप्रैल 2026 को सुबह 9:30 बजे तहसील मुख्यालय तारानगर में एक विशाल प्रदर्शन किया जाएगा। इस दौरान हजारों की संख्या में किसान ट्रैक्टर रैली निकालकर अपनी ताकत दिखाएंगे और प्रशासन को मांगों के संबंध में ज्ञापन सौंपेंगे।