सड़क किनारे जा रहे व्यक्ति को डंपर ने मारी टक्कर
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। मेहाड़ा थाना क्षेत्र के गुरजवास स्थित देर शाम को डंपर ने राहगीर को टक्कर मार दी। इस दौरान हादसे में राहगीर की मौत हो गई। घटना के दौरान ग्रामीणों ने डंपर ड्राइवर को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। एएसआई भोमाराम ने बताया कि गुजरवास निवासी मालाराम (71) रिछपालसिंह देर शाम को सड़क किनारे स्टैंड से अपने घर जा रहे थे। इस दौरान जब वह गांव के नजदीक पंहुचे तो पिछे से आए एक डंपर ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर लगने से मालाराम घायल हो गए। हादसे के दौरान आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा घायल मालाराम को उपचार के लिए नारनौल ले जाया गया।
इस दौरान हालत गंभीर होने पर उसे जयपुर रैफर कर दिया कि रास्ते में उसकी मौत हो गई। परिजन सुरेंद्र दायमा ने बताया कि मृतक मालाराम खेती का कार्य करता था। इनके तीन बेटे रामसिंह, हिरालाल व विक्रम है जो मजदूरी करते हैं। मृतक शाम को सड़क किनारे टहल कर अपने घर आ रहा था कि हादसे का शिकार हो गया। खेतड़ी के खनन क्षेत्र में डंपरों का संचालन अधिक होने आए दिन हादसे हो रहे हैं। ओवरलोड डंपरों से होने वाले हादसों को लेकर ग्रामीणों की ओर से पूर्व में कई बार धरना प्रदर्शन कर चुके हैं। इसके बाद भी धड़ल्ले से ओवरलोड डंपरों का संचालन हो रहा है। एएसआई भोमाराम ने बताया कि राजकीय उप जिला अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करवाया जा रहा है, परिजनों की ओर से दी जाने वाली रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।