केकेसी पीजी कॉलेज में प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न)। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियों को प्रोत्साहित करने एवं मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से स्थानीय केकेसी पीजी कॉलेज परिसर में एक भव्य प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की परीक्षाओं में उत्कृष्ट परिणाम हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षक एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय चेयरमैन डॉ किशोर सिंह राठौड़, लेफ्टिनेंट विरेंद्र सिंह राठौड़, लायंस क्लब सचिव मुबारक तुगलक एवं व्याख्याता सुशील कुमार निर्वाण द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात महाविद्यालय परिवार द्वारा सभी अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। समारोह में विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उनके कठिन परिश्रम, लगन एवं अनुशासन की भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।
महाविद्यालय के चेयरमैन डॉ. किशोर सिंह राठौड़ ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अंक प्राप्त करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह व्यक्तित्व और सशक्त राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रदीप कुमार चौहान ने कहा कि आज सम्मानित होने वाले विद्यार्थी अन्य छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उनकी सफलता यह सिद्ध करती है कि निरंतर प्रयास और सकारात्मक सोच से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
समारोह के दौरान विभिन्न कक्षाओं एवं संकायों में उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों की इस सफलता में उनके अभिभावकों की सकारात्मक भूमिका को भी मंच से विशेष रूप से सराहा गया। महाविद्यालय के उपप्राचार्य महबूब अली चौहान ने कहा कि किसी भी विद्यार्थी की सफलता में उसके माता-पिता एवं गुरुजनों का समान और महत्वपूर्ण योगदान रहता है।
अभिभावक मुबारक तुगलक ने विद्यार्थियों को जीवन में उच्च लक्ष्य निर्धारित करने तथा शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। व्याख्याता सुशील कुमार निर्वाण ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस वर्तमान दौर में निरंतर अध्ययन और दृढ़ आत्मविश्वास ही सफलता की वास्तविक कुंजी है।
कार्यक्रम के दौरान महाविद्यालय का समस्त शैक्षणिक एवं गैर-शैक्षणिक स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम का सफल व शानदार संचालन राष्ट्रीय सेवा योजना अधिकारी जगदीश कुमार द्वारा किया गया।