केसीसी प्रोजेक्ट के दौरे पर आए सीएमडी को सौंपा दस सूत्री मांगों का ज्ञापन
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी उपखंड के गोठड़ा ग्राम पंचायत के सरपंच की ओर से केसीसी प्रोजेक्ट के दौरे पर आए सीएमडी को 10 सूत्रीय मांग पत्र सौंपा है। इस दौरान उन्होंने केसीसी प्रोजेक्ट में होने वाली भर्तियों में स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग की।
सरपंच सरती देवी की ओर से दिए ज्ञापन में बताया कि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की ओर से होने वाली भर्तियों में ग्राम गोठड़ा के स्थानीय युवाओं को प्राथमिकता दी जाए। इसके अलावा गांव में बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दोबारा चालू कराने, टेलिंग डैम से उड़ने वाली जहरीली धूल पर प्रभावी नियंत्रण करने तथा प्रदूषण रोकने के लिए नियमित छिड़काव की मांग की गई है।
ग्राम पंचायत ने कंपनी द्वारा बनाए गए क्षतिग्रस्त एवं जर्जर मार्गों की मरम्मत, बंद पड़े पानी के स्रोतों को पुनर्जीवित करने, गांव के टाउनशिप क्षेत्र की सड़क मरम्मत, बरसात के दौरान जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान तथा सीएसआर मद से ग्राम पंचायत गोठड़ा को बजट उपलब्ध कराने की भी मांग रखी है।
इसके साथ ही टेलिंग डैम पर सुरक्षा की दृष्टि से स्थायी सुरक्षा गार्ड तैनात करने की मांग भी की गई है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। इस दौरान सीएमडी अनुपम मिश्रा ने जल्द उनकी मांगों का समाधान करवाने का आश्वासन दिया है।