मुख्य सड़क पर जलभराव से ग्रामीण परेशान
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। सिंघाना पंचायत समिति क्षेत्र के सावलोद गांव में हुई बारिश के बाद मुख्य सड़क पर करीब 200 मीटर तक जलभराव हो जाने से ग्रामीणों और वाहन चालकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर लंबे हिस्से में पानी भर जाने से आवागमन प्रभावित हो गया है और लोगों को जान जोखिम में डालकर रास्ता पार करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क पर पहले से ही जगह-जगह गड्ढे और उखड़े हुए पत्थर हैं। बारिश का पानी भर जाने से ये गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे बाइक और छोटे वाहन चालकों के दुर्घटनाग्रस्त होने का खतरा लगातार बना हुआ है। कई लोग पानी में वाहन फिसलने से गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ऐसे में ग्रामीणों में हादसे की आशंका को लेकर चिंता बनी हुई है।
जलभराव के कारण गांव के लोगों को स्कूल, बाजार, अस्पताल और अन्य जरूरी कार्यों के लिए आने-जाने में काफी दिक्कत हो रही है। मुख्य सड़क से निकलना मुश्किल होने के कारण लोगों को वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेना पड़ रहा है लेकिन वहां भी कीचड़ और दलदल होने से परेशानी कम नहीं हो रही। बरसात के दिनों में स्थिति और अधिक गंभीर हो जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के दौरान इस सड़क पर जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है लेकिन संबंधित विभाग की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। कई बार शिकायत और मांग के बावजूद समस्या जस की तस बनी हुई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और सार्वजनिक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क से पानी की निकासी की उचित व्यवस्था कराई जाए तथा क्षतिग्रस्त सड़क की जल्द मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके तथा भविष्य में इस समस्या से स्थायी रूप से राहत मिल सके।