आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन की अनूठी पहल
गजेंद्र सिंह
सरदारशहर (नवयत्न)। बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को सम्मानित करने की दिशा में आदर्श ग्रुप ऑफ एजुकेशन एक विशेष पहल करने जा रहा है। महान समाजसेविका ज्योतिबा फुले की जयंती के अवसर पर 11 अप्रैल, शनिवार को साइंस मैरिट में राज्य स्तर पर पांचवां स्थान प्राप्त करने वाली आदर्श गौरव छात्रा अंकिता चौधरी को हेलिकॉप्टर से खाटू श्याम जी मंदिर के दर्शन कराए जाएंगे।
इस आयोजन को लेकर आज आदर्श कैंपस में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। संस्थान के निदेशक लाटा ने बताया कि हेलीपेड के निरीक्षण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूर्ण कर ली गई हैं। इस खास अवसर को यादगार बनाने के लिए विभिन्न टीमों का गठन किया गया है।
उन्होंने बताया कि आदर्श परिवार पर बाबा श्याम की सदैव विशेष कृपा रही है, ऐसे में यह संस्थान के लिए भावुक और गर्व का क्षण है कि उनकी प्रतिभाशाली छात्रा अंकिता चौधरी अपने परिजनों के साथ बाबा श्याम के दरबार में पहुंचकर अपनी इस उपलब्धि के लिए आभार व्यक्त करेगी।
कार्यक्रम के तहत गर्ल्स विंग से मुख्य मार्ग होते हुए एक भव्य जुलूस निकाला जाएगा, जो हेलीपेड तक पहुंचेगा। लाटा ने शहर के प्रबुद्धजनों, अभिभावकों और विद्यार्थियों से इस ऐतिहासिक और प्रेरणादायक पल के साक्षी बनने का आह्वान किया है।
यह आयोजन न केवल एक छात्रा के सम्मान का प्रतीक है, बल्कि समाज में बालिका शिक्षा के महत्व को भी मजबूत संदेश देता है।