प्रधानमंत्री मोदी के कार्यकाल को 12 वर्ष पूर्ण होने पर वैदिक विधि-विधान से किया यज्ञ
सुरेन्द्र शर्मा
सीकर (नवयत्न)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने तथा भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार लोकतांत्रिक रूप से निर्वाचित प्रधानमंत्री बनने के ऐतिहासिक अवसर पर वैदिक आश्रम पिपराली में बुधवार को राष्ट्र की समृद्धि, उन्नति, सुरक्षा एवं जनकल्याण की मंगलकामना के साथ वैदिक विधि-विधान से यज्ञ का आयोजन किया गया। यज्ञ के दौरान राष्ट्र की एकता, अखंडता, समृद्धि, किसानों की खुशहाली, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य तथा विश्व कल्याण के लिए वैदिक मंत्रोच्चार के साथ आहुतियाँ अर्पित की गईं। उपस्थित जनों ने विकसित, आत्मनिर्भर एवं संस्कारित भारत के निर्माण में अपना योगदान देने का संकल्प लिया। राष्ट्र सर्वोपरी की भावना के साथ सभी ने भारत की निरंतर प्रगति, समृद्धि और विश्वगुरु भारत के स्वप्न की सिद्धि हेतु प्रार्थना की। पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद सरस्वती ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में भारत ने विकास, सुशासन, राष्ट्रीय सुरक्षा, डिजिटल क्रांति, आधारभूत संरचना, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में अभूतपूर्व उपलब्धियाँ हासिल की हैं। आज भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा रहा है। कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज पहले से कहीं अधिक प्रभावशाली हुई है और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश ने विश्व समुदाय में सम्मान, विश्वास और नेतृत्व का नया स्थान प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि चाहे जी-20 की सफल अध्यक्षता हो, वैश्विक संकटों में भारत की निर्णायक भूमिका हो, योग और भारतीय संस्कृति का विश्वव्यापी प्रसार हो अथवा विकसित भारत के संकल्प को गति देने का अभियान-हर क्षेत्र में भारत ने नई पहचान बनाई है। कहा कि आज विश्व मंच पर भारत का बढ़ता प्रभाव और प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की स्वीकार्यता किसी से छिपी नहीं है।