95 हजार की साइबर ठगी का आरोपी गिरफ्तार
अशोक राईका
झुंझुनूं (नवयत्न)। चिड़ावा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 95,848 रुपए की साइबर ठगी के आरोपी अंकित उर्फ मोगा को गिरफ्तार किया है। आरोपी थाना स्तर की टॉप-10 वांछित सूची में शामिल था। उसके बैंक खाते पर अलग-अलग राज्यों से साइबर ठगी की 5 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस के अनुसार नेशनल साइबर पोर्टल एवं समन्वय पोर्टल से प्राप्त शिकायतों की जांच में एसबीआई चिड़ावा शाखा का खाता आरोपी अंकित के नाम पर पाया गया। खाते में कुल 95,848 रुपए की साइबर फ्रॉड राशि आने की पुष्टि हुई। इसके बाद आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए विशेष टीम गठित की। टीम ने कार्रवाई करते हुए 18 अगस्त को निमाजपुरा तन ओजटू निवासी 24 वर्षीय अंकित उर्फ मोगा को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी द्वारा अपने साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी करना सामने आया है। आरोपी को 19 अगस्त को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में पुलिस की ओर से गहन अनुसंधान जारी है। कार्रवाई थानाधिकारी लक्ष्मीचंद वर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने की।