शिक्षा भत्ते की जानकारी नहीं मिली तो भड़का पूर्व सैनिक, अधिकारी से हाथापाई, बैट से ऑफिस में की तोड़फोड़

अशोक राईका
झुंझनूं (नवयत्न)। जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में बुधवार को शिक्षा भत्ता योजना से जुड़ी जानकारी लेने पहुंचे एक पूर्व सैनिक पर कर्मचारियों से विवाद, मारपीट और सरकारी कार्यालय में तोड़फोड़ करने के आरोप लगे हैं। मामले में जिला सैनिक कल्याण अधिकारी कर्नल सुरेश कुमार ने चिड़ावा थाने में शिकायत दी है। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आने की बात कही गई है। शिकायत के अनुसार अरड़ावता निवासी भूतपूर्व सार्जेंट विक्रम सिंह 19 अगस्त को करीब 10:25 बजे अपने बच्चों की शिक्षा भत्ता योजना के ऑनलाइन आवेदन की स्थिति जानने कार्यालय पहुंचे थे। स्टाफ ने उन्हें केंद्रीय सैनिक बोर्ड की वेबसाइट नहीं चलने के कारण जानकारी उपलब्ध नहीं होने की बात बताई। इसी को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर विक्रम सिंह ने कार्यालय कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराने का प्रयास किया, लेकिन स्थिति बिगड़ गई। शिकायत में एक कर्मचारी के साथ हाथापाई करने और उसे कार्यालय से बाहर ले जाते समय मारपीट करने का आरोप लगाया गया है। अधिकारी द्वारा रोकने पर उनके साथ भी हाथापाई किए जाने की बात शिकायत में कही गई है।
कुछ देर बाद बैट लेकर कार्यालय पहुंचने का आरोप
शिकायत के मुताबिक विवाद के कुछ समय बाद पूर्व सैनिक कथित तौर पर हाथ में बेसबॉल बैट लेकर दोबारा कार्यालय पहुंचा। आरोप है कि उसने कार्यालय में घुसकर दरवाजों पर बैट से वार किए, जिससे सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
घटना के बाद जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने पुलिस से मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। चिड़ावा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है।

You might also like