आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले में वांछित आरोपी गिरफ्तार
श्रीराम तिवाड़ी
नोखा (नवयत्न)। पांचू पुलिस ने आत्महत्या के दुष्प्रेरण के मामले में कार्रवाई करते हुए वांछित आरोपी को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ईश्वर प्रसाद जांगिड़ ने बताया कि आरोपी महेंद्र कच्छावा निवासी मालियों का बास, सोयला थाना खेड़ापा जिला जोधपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 16 मई 2026 को परिवादी ने रिपोर्ट दर्ज करवाई थी कि उसकी भतीजी की शादी 8 मार्च 2026 को हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। शादी के बाद वह अपने ससुराल गांव पिथासर आने-जाने लगी थी। आरोप है कि महेंद्र और चंद्रराम उसकी भतीजी के मोबाइल नंबर पर फोन कर तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म व्हाट्सएप, इंस्टाग्राम और फेसबुक के माध्यम से उसे ब्लैकमेल कर धमकियां देते थे। आरोपी कथित तौर पर अश्लील फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे परेशान करते थे। रिपोर्ट के मुताबिक इन धमकियों से परेशान होकर विवाहिता ने 16 मई 2026 को सुबह करीब 10 बजे अपने ससुराल स्थित कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस संबंध में पांचू पुलिस थाने में प्रकरण संख्या 142/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस जांच में आरोपी महेंद्र कच्छावा के खिलाफ अपराध प्रमाणित पाए जाने पर उसे गिरफ्तार किया गया। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत कार्रवाई की गई है।