मारपीट कर मोबाइल लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

निसं
जयपुर (नवयत्न)। जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने लिफ्ट मांगकर राहगीरों को बातों में उलझाने और फिर मारपीट कर मोबाइल लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी महंगे मोबाइल रखने के शौक को पूरा करने के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया आईफोन-13 सहित पांच मोबाइल फोन और वारदात में प्रयुक्त स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में जयपुर के अन्य थाना क्षेत्रों में हुई मोबाइल छीनने की वारदातों का भी खुलासा हुआ है।

पुलिस उपायुक्त पूर्व रंजीता शर्मा ने बताया कि जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने लिफ्ट मांगकर राहगीरों को बातों में उलझाने और फिर मारपीट कर मोबाइल लूटने वाले तन्मय कुमार पारीक निवासी सवाई माधोपुर हाल मानसरोवर जयपुर और विवेक सैन निवासी गंगापुर सिटी जिला सवाई माधोपुर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने महंगे मोबाइल रखने के शौक के चलते लूट और मोबाइल छीनने की वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया आईफोन-13, जयपुर के अन्य थाना क्षेत्रों से छीने गए चार मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है। आरोपियों से पूछताछ जारी है। पुलिस को अन्य वारदातों के खुलासे की भी संभावना है। जवाहर सर्किल थानाधिकारी महेश चंद्र ने बताया कि परिवादी अयान खान ने मामला दर्ज करवाया है कि वह अपने साथी इरफान खान के साथ वल्र्ड ट्रेड पार्क के पास आया था।

जहां डब्ल्यूटीपी के पीछे मोटरसाइकिल सवार दो युवक मिले। दोनों ने उन्हें बातों में उलझाकर लिफ्ट मांगी। एक युवक परिवादी की बाइक पर पीछे बैठ गया, जबकि दूसरे ने इरफान को अपनी मोटरसाइकिल पर बैठा लिया। इसके बाद दांतली पुलिया, जगतपुरा के नीचे आरोपियों ने परिवादी की बाइक को टक्कर मारकर गिरा दिया। फिर ईंटों से हमला कर दोनों के साथ मारपीट की और परिवादी की जेब से आईफोन-13 लूटकर फरार हो गए।

पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। मुखबिर तंत्र और तकनीकी सहायता से संदिग्धों की पहचान कर तन्मय कुमार पारीक और विवेक सैन को पकड़ा गया। पूछताछ में वारदात करना स्वीकार करने पर दोनों को बापर्दा गिरफ्तार किया गया।

You might also like