आचार संहिता की पालना को लेकर पोस्टर हटाने की कार्रवाई शुरू

निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी नगरपालिका क्षेत्र में आचार संहिता की पालना को लेकर नगरपालिका प्रशासन की ओर से कार्रवाई शुरू कर दी गई है। कस्बे के विभिन्न मार्गों, सार्वजनिक स्थानों और प्रमुख चौराहों पर पूर्व में लगाए गए पोस्टरों को नगरपालिका कर्मचारियों द्वारा हटाया जा रहा है। पोस्टर हटाने के लिए मशीनों की भी मदद ली जा रही है ताकि सार्वजनिक स्थलों को पोस्टर एवं प्रचार सामग्री से मुक्त किया जा सके। एसआई सुनील सैनी के नेतृत्व में नगरपालिका कर्मचारियों की टीम द्वारा कस्बे के अलग-अलग मार्गों पर अभियान चलाया जा रहा है। टीम ने सड़क किनारे, दीवारों और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर लगे पोस्टरों को चिह्नित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई की। कर्मचारियों ने मशीनों की सहायता से ऊंचाई पर लगे पोस्टरों को भी हटाया। नगरपालिका प्रशासन का उद्देश्य आचार संहिता के नियमों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के साथ-साथ शहर को साफ-सुथरा बनाए रखना है। कार्रवाई के दौरान कर्मचारियों ने आमजन को भी आचार संहिता के नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित किया। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि सार्वजनिक स्थानों पर बिना अनुमति किसी भी प्रकार के पोस्टर, बैनर या प्रचार सामग्री नहीं लगाएं। नगरपालिका कर्मचारियों ने बताया कि अभियान आगे भी जारी रहेगा और कस्बे के विभिन्न हिस्सों में लगे पुराने पोस्टर एवं प्रचार सामग्री को हटाया जाएगा। प्रशासन की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों की दीवारें और मार्ग साफ दिखाई देने लगे हैं। नगरपालिका की टीम ने आमजन से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि नियमों की पालना करना सभी की जिम्मेदारी है। इस मौके पर एसआई सुनील सैनी, कालूराम, संतोष कुमार, सुखराम गुर्जर, संदीप शर्मा, नरेश कुमार, संतोष कुमार, मोहित, अजय कुमार, सुरेश कुमार आदि मौजूद रहे।

You might also like