पूर्व सैनिक कल्याण कार्यालय में हंगामे का मामला
निसं
खेतड़ी (नवयत्न)। खेतड़ी में पूर्व सैनिक वेलफेयर समिति ओर से गुरुवार को एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर चिड़ावा सैनिक कल्याण कार्यालय में हुई कथित घटना के संबंध में दोषी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की गई। समिति ने ज्ञापन में पूर्व सैनिकों के साथ अभद्र व्यवहार, मारपीट और राजकार्य में बाधा डालने के आरोप लगाते हुए मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग की है। पूर्व कैप्टन केसर देव ने बताया कि 19 अगस्त को चिड़ावा सैनिक कल्याण कार्यालय में एक्स सार्जेंट विक्रम सिंह द्वारा कथित तौर पर कार्यालय में हंगामा किया गया। समिति के अनुसार इस दौरान उपस्थित कर्मचारियों एवं समिति के सदस्यों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की गई। आरोप है कि सीसीटीवी आदि उपकरणों को लाठी से तोड़कर सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। साथ ही सरकारी कार्य में व्यवधान उत्पन्न किया गया, जिससे कार्यालय का माहौल असुरक्षित हो गया। पूर्व सैनिक कल्याण समिति ने कहा कि पूर्व सैनिकों के हितों और समाज की सेवा के लिए समिति लगातार कार्य कर रही है। ऐसे में किसी भी प्रकार का हिंसक एवं अमर्यादित व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। समिति ने घटना से कर्मचारियों के मनोबल और सुरक्षा पर गंभीर संकट उत्पन्न होने की बात कही। समिति ने जिला प्रशासन से मांग की कि मामले में दोषी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए उचित सुरक्षा एवं प्रशासनिक कदम उठाए जाएं। समिति ने चेतावनी दी कि यदि मामले में शीघ्र न्यायसंगत और कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो वह आगामी कदम उठाने के लिए विवश होगी। इस मौके पर सुबेदार मेजर पूर्ण सिंह, सुंदरलाल सैनी, रतिराम सैनी, उम्मेदसिंह, भागचंद, अमरसिंह, जसवंत सिंह, जयराम सहित अनेक पूर्व सैनिक मौजूद थे।